न्यू दमोह प्रधानमंत्री आवास में पुलिस का सर्चिंग अभियान

न्यू दमोह प्रधानमंत्री आवास में पुलिस का सर्चिंग अभियान

दमोह। न्यू दमोह स्थित प्रधानमंत्री आवास परिसर में कल शाम दमोह पुलिस का सर्चिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने परिसर में निवासरत लोगों से उनके आवास, पहचान एवं दैनिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी ली।

अभियान के दौरान यह भी जांच की गई कि कहीं परिसर में किसी प्रकार की अवैध गतिविधियों का संचालन तो नहीं हो रहा है। पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक आवास में रहने वालों से पूछताछ कर उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

गौरतलब है कि एक दिन पूर्व इसी क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना सामने आई थी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उक्त घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। इसी के चलते एहतियातन पुलिस और राजस्व अमले ने संयुक्त रूप से यह सर्चिंग अभियान चलाया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।

Related posts

Leave a Comment