गढ़ी और पठानी मोहल्ला में सघन चेकिंग, 10 मामलों में पंचनामा, 5.60 लाख का जुर्माना

बढ़ते लाइन लॉसेस पर बिजली विभाग का शिकंजा

गढ़ी–पठानी मोहल्ला में सघन चेकिंग, 10 मामलों में पंचनामा, 5.60 लाख का जुर्माना

शहर में लगातार बढ़ते विद्युत लाइन लॉसेस को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दिनांक 15 जनवरी 2025 को मुख्य अभियंता, सागर क्षेत्र द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में लाइन लॉसेस की स्थिति पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए तत्काल प्रभाव से सख़्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में अधीक्षण अभियंता, दमोह वृत्त के निर्देशन में तीन दलीय विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्यपालन अभियंता श्री मोतीलाल साहू के मार्गदर्शन में गढ़ी मोहल्ला, पठानी मोहल्ला एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान अवैध रूप से विद्युत चोरी करते हुए 10 उपभोक्ताओं को रंगे हाथों पकड़ा गया। सभी मामलों में मौके पर ही पंचनामा तैयार कर विद्युत सामग्री जब्त की गई। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उल्लेखनीय है कि इन इलाकों में पहले भी बिजली चोरी के कई प्रकरण सामने आ चुके हैं।

विशेष अभियान के दौरान सहायक अभियंता श्री राघवेंद्र इडिपाचे, कनिष्ठ अभियंता श्रीमती शिवानी गुप्ता सहित विभागीय लाइनमैन मौजूद रहे। कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की गई तथा वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। पकड़े गए 10 प्रकरणों में कुल 5 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि लाइन लॉसेस पर नियंत्रण एवं बिजली चोरी पर पूर्ण रोक लगाने के लिए ऐसे विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अवैध कनेक्शन का उपयोग न करें, अन्यथा नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

Leave a Comment