दमोह से शुरू हुआ देश का पहला ‘गांव का चायवाला’ आउटलेट, तंबाकू-गुटखा छोड़ रोजगार की नई मिसाल

दमोह से शुरू हुआ देश का पहला ‘गांव का चायवाला’ आउटलेट, तंबाकू-गुटखा छोड़ रोजगार की नई मिसाल

दमोह

बुंदेलखंड के दमोह जिले से एक सकारात्मक और प्रेरणादायक स्टार्टअप की शुरुआत हुई है। स्टेशन चौराहा स्थित मोरगंज गल्ला मंडी गेट के पास शुक्रवार को देश के पहले ‘गांव का चायवाला’ आउटलेट का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह पहल इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि इसके संचालक ने तंबाकू-गुटखा का कारोबार छोड़कर शुद्ध और स्वदेशी रोजगार का रास्ता चुना है।

कार्यक्रम में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, दमोह विधायक एवं पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बड़े भाई नंदलाल यादव और फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

10 हजार आउटलेट खोलने का लक्ष्य

शुभारंभ अवसर पर राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि ‘गांव का चायवाला’ दमोह से शुरू होकर देशभर में 10 हजार आउटलेट खोलने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। उन्होंने कहा कि संचालक त्रिलोकचंद्र सेन द्वारा तंबाकू-गुटखा जैसे नशे के कारोबार को छोड़कर समाजहित में उठाया गया कदम युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

शुद्धता और परंपरा की अनोखी थीम

मुख्यमंत्री के बड़े भाई नंदलाल यादव ने कहा कि ‘गांव का चायवाला’ सिर्फ एक ब्रांड नहीं, बल्कि शुद्धता की पहचान है। यहां 100 प्रतिशत शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। भोजन केले के पत्ते, चाय कुल्हड़ में और पान-सुपारी पत्तल में परोसी जाएगी, जिससे भारतीय संस्कृति और स्वास्थ्य दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

रोजगार सृजन का बनेगा माध्यम

फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी ने कहा कि दमोह से शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में देशभर में रोजगार सृजन का मजबूत माध्यम बनेगी और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगी।

केमिकल और मिलावट से पूरी तरह मुक्त

आउटलेट के मैनेजिंग डायरेक्टर त्रिलोकचंद्र सेन ने कहा कि यह देश का पहला ऐसा आउटलेट है, जहां किसी भी प्रकार की मिलावट या केमिकल्स का उपयोग नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी को संदेह हो तो उत्पादों की सैंपलिंग कराई जा सकती है। उनका मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में समाजसेवी कन्हैयालाल चौहान, एसडीएम आर.एल. बागरी, सीएसपी एच.आर. पांडे, टीआई मनीष कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इससे पूर्व अतिथियों ने फीता काटकर आउटलेट का शुभारंभ किया।

Related posts

Leave a Comment