
जिले के नवागत कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज अपना-घर (वृद्धाश्रम) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुविधाओं और दैनिक जीवन की स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर यादव ने कहा, वृद्धजनों की सेवा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धाश्रम में रहने वाले सभी लोगों को बेहतर सुविधा, सम्मानजनक वातावरण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। निरीक्षण के दौरान अधिकांश बुजुर्गों ने अपनी संतुष्टि जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें यहां किसी प्रकार की परेशानी नहीं है और वे अच्छे वातावरण में रह रहे हैं। कलेक्टर यादव ने इस पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि सभी खुश है, प्रशासन के लिए सकारात्मक संकेत है।
कलेक्टर यादव ने बुजुर्गों को आध्यात्मिक जीवन अपनाने और भगवान के भजन-पूजन में समय लगाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का उद्देश्य सार्थक होना चाहिए और इसके लिए सकारात्मक सोच और आपसी सहयोग जरूरी है। कुछ बुजुर्गों द्वारा आपसी मतभेद की बात सामने आने पर कलेक्टर ने उन्हें मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिकता और आपसी समझ से ही सुखद वातावरण बनता है, जिससे सभी को लाभ मिलता है, उन्होने आश्वासन दिया कि प्रशासन वृद्धजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण जारी रहेंगे।
एक वृद्धजन ने पारिवारिक प्रापर्टी विवाद की जानकारी देने पर एसडीएम सौरभ गंधर्व को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। अपने इस भ्रमण के दौरान कलेक्टर
यादव वृद्धजनों के कमरो में गये उनसे मिले और उनका आर्शीवाद लिया।
