दुकान से चोरी हुए 47 हजार रुपये एक घंटे में बरामद, बांदकपुर पुलिस ने नाबालिग को पकड़ा
दमोह जिले की बांदकपुर पुलिस ने चोरी की वारदात का महज एक घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी गए रुपये बरामद कर लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रतीक डबुल्या निवासी बांदकपुर ने 14 मई 2026 को चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बर्तन दुकान की पेटी से कोई अज्ञात चोर करीब 48 हजार रुपये चोरी कर ले गया है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल कार्रवाई शुरू की।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया एवं एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी हिण्डोरिया के निर्देशन में चौकी प्रभारी बांदकपुर स.उ.नि. राजेन्द्र मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग अपचारी बालक को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए कुल 47 हजार 70 रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
