स्वतंत्रता दिवस को लेकर दमोह पुलिस अलर्ट, जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान
दमोह। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दमोह पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, लॉज, ढाबों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस बल लगातार सक्रिय है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की जांच की जा रही है। आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही होटल, लॉज और ढाबों में ठहरे लोगों का सत्यापन किया गया तथा संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और समारोह स्थलों पर पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग जारी है। वाहन चेकिंग अभियान के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के दौरान पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
दमोह पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने के लिए 15 अगस्त तक जिलेभर में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लगातार प्रभावी रहेगी।
