*माईसेम सीमेंट ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित किया ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम*

माईसेम सीमेंट स्टाफ क्लब के तत्वावधान में ८०वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ‘एक शाम शहीदों के नाम’ सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत धूमधाम और गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह की अध्यक्षता कर रहे माईसेम सीमेंट के क्लस्टर हेड श्री सुरेश दुबे ने स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर
करने वाले स्वातंत्र्य सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों का स्मरण करते हुए देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा की भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम की संध्या में माईसेम सीमेंट परिवार के सदस्यों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया:
रंगारंग प्रस्तुतियां: पुरुष वर्ग, महिला वर्ग तथा बच्चों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए।
बच्चों और स्टाफ सदस्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया और पूरा हॉल भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा।
समारोह के अंत में कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की सराहना की गई और सभी उपस्थितजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

