शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय दमोह में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

— सड़क दुर्घटनाओं में निरंतर हो रही वृद्धि को देखते हुए जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय दमोह में एक यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर एवं ग्रामीण) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री दलबीर सिंह मार्को, थाना प्रभारी (यातायात), ने लगभग 800 छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने केंद्र सरकार की राह वीर योजना के बारे में भी बताया। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की गोल्डन आवर (पहले एक घंटे) में सहायता करने वाले नागरिक को ₹25,000 की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम में छात्रों को निम्नलिखित बातों के प्रति सचेत किया गया:
18 वर्ष से कम आयु में बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाएं।
रश ड्राइविंग से बचें।
दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें।
चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें।
इमरजेंसी वाहनों (एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड) को प्राथमिकता से रास्ता दें।
दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठें।
सड़क पार करते समय सावधानी बरतें एवं यातायात संकेतों का पालन करें।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ को यातायात संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। विद्यार्थियों ने भी इस अवसर पर यातायात नियमों को जीवन में अपनाने की शपथ ली।
विद्यालय प्रबंधन एवं पुलिस विभाग की इस संयुक्त पहल को सभी ने सराहा और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
