दमोह में पहली बार श्वान की जटिल सर्जरी, डॉक्टरों ने बचाई जान

दमोह। जिले में पशु चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जिला पशु चिकित्सालय में पहली बार एक श्वान की जटिल सर्जरी कर उसकी जान बचाई गई। दमोह निवासी आशुतोष कोष्टी के 10 वर्षीय पालतू कुत्ते को पिछले छह महीनों से मैमरी ट्यूमर की समस्या थी। जब स्थिति बिगड़ती चली गई तो आशुतोष ने जिला पशु चिकित्सालय में श्वान की जांच करवाई।
जांच के बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी। उपसंचालक डॉ. संजय पांडे के मार्गदर्शन में डॉ. गोविंद प्रसाद चौधरी, डॉ. अंजना चौधरी, अजय साहू, वरिष्ठ एवीएफओ नवीन ज़फर और उनकी टीम ने मिलकर करीब दो घंटे की जटिल सर्जरी को सफलता पूर्वक अंजाम दिया। इस सर्जरी के दौरान लगभग 3.5 किलोग्राम वज़न का ट्यूमर निकाला गया।
सर्जरी के बाद श्वान की हालत में लगातार सुधार देखा गया और अब वह पूरी तरह से स्वस्थ है। यह उपलब्धि न केवल जिले के पशु चिकित्सा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह दिखाता है कि दमोह में भी अब उन्नत पशु उपचार की सुविधाएँ उपलब्ध हो रही
हैं।
