जिन पुल पुलियों पर दिक्कतें आती हैं,पानी ऊपर से बहता है, वहाँ पर
सावधानी सूचक चिन्ह लगवाये जायें-कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर
जिले के सभी एस.डी.एम को दिये गये निर्देश
अगले 2-3 दिन भारी बारिश की चेतावनी है और बिजली चमकने और
अत्यधिक वर्षा होने का अंदेशा
मौसम विभाग ने संभावना की व्यक्त
मौसम ऐप को डाउनलोड करने से आपको मौसम का पूरा हाल पहले से पता हो जायेगा
किसी भी प्रकार की समस्या होने पर दमोह हेल्पलाइन 07812-350300 पर करें संपर्क

अगले 2-3 दिन भारी बारिश की चेतावनी है और बिजली चमकने और अत्यधिक वर्षा होने का अंदेशा है, इस संबंध में मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है। बरसात के मौसम को देखते हुये कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर ने जिलवासियों से कहा है आमजन मौसम ऐप सभी लोग डाउनलोड करलें। मौसम ऐप भारत सरकार का ऐप है और ऐप से मौसम संबंधित सारी जानकारियां चुटकियों में मिल जाती है, ऐप को डाउनलोड करने से आपको मौसम का पूरा हाल पहले से पता हो जायेगा।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा इस मौसम में कई जगहों पर झरने, नदियां भर जाती हैं, झरने चलने लगते हैं, वाटरफॉल चालू हो जाते हैं, कृपया ऐसी जगहों पर बिल्कुल न जाएं क्योंकि यह खतरनाक हो सकता है, इसी प्रकार से पुल पुलियों के ऊपर से कई बार पानी बहता है, इसको भी बिल्कुल भी पार ना करें। यदि पानी बह रहा हो तो यह बहुत खतरनाक हो सकता है, हमको अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी है, दुर्घटना से देर भली। उन्होंने कहा इस संबंध में सारी व्यवस्थाएँ की जा रहीं हैं, सभी निर्माण विभागों को निर्देशित किया है कि जिन पुल पुलियों पर दिक्कतें आती हैं, पानी ऊपर से बहता है, वहाँ पर सावधानी सूचक चिन्ह लगवाये जायें ताकि लोग परेशान न हो और आवश्यकता हो तो बैरियर भी लगवाये जायें। कलेक्टर श्री कोचर ने जिले के सभी एस.डी.एम को निर्देश दिये हैं कि वाटरफॉल की कड़ी निगरानी की जाये और वहाँ पर आवागमन को जनहित में लोक स्वास्थ्य की दृष्टि से प्रतिबंधित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि किसी प्रकार से जानमाल का नुकसान ना होने पाये ।
