दमोह में अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश, लाखों की सामग्री जब्त, 9 आरोपी गिरफ्तार

दमोह में अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश, लाखों की सामग्री जब्त, 9 आरोपी गिरफ्तार

दमोह। शहर के पॉश इलाके में संचालित एक बड़े अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पिछले करीब दो महीनों से यह गिरोह किराए के मकान में रहकर करोड़ों रुपए का ऑनलाइन गेमिंग सट्टा संचालित कर रहा था, लेकिन आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पुलिस को छत्तीसगढ़ से संदिग्ध पैसों के ट्रांजेक्शन की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मकान से 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस की तलाशी में आरोपियों के पास से करीब 30 लाख रुपए से अधिक का मशरूका बरामद हुआ, जिसमें लगभग 9 लाख रुपए नकद, कई मोबाइल फोन, बड़ी संख्या में सिम कार्ड, इंटरनेट राउटर और लैपटॉप शामिल हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा खिला रहे थे।

चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए सभी आरोपी मध्य प्रदेश के बाहर के निवासी हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के लोग शामिल हैं, जो दमोह में किराए का मकान लेकर इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहे थे।

यह गिरोह शहर के मुस्की बाबा इलाके में रह रहा था और इतने बड़े स्तर पर सट्टा संचालन के बावजूद स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी नहीं हो पाई। फिलहाल पुलिस मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य नेटवर्क व कनेक्शनों की जांच जारी है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान इस गिरोह से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Related posts

Leave a Comment