दमोह में हड़कंप: देहात थाने से इनामी चोरी का आरोपी फरार

दमोह। जिले के देहात थाना  में उस समय सनसनी फैल गई, जब चोरी के मामले में गिरफ्तार एक इनामी आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। इस घटना ने न केवल पुलिस महकमे में हलचल मचा दी, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी के प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने रात में पकड़ा था और उसे अभिरक्षा में रखा गया था। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही थाने में अफरातफरी का माहौल बन गया और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया।

मामले में जानकारी देते हुए सीएसपी एच. आर. पांडे ने बताया कि आरोपी चोरी के प्रकरण में वांछित था और उस पर इनाम भी घोषित था। अभिरक्षा से फरार होने की घटना गंभीर है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस की विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें आरोपी की गिरफ्तारी और जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

Related posts

Leave a Comment